Site icon Madhureo

MURLIDHAR/मुरलीधर

नटखट,बाल-गोपाल कहे कोई तुमको चितचोर,2
बता किस नाम से तुझे पुकारूँ,तूँ देखेगा मेरी ओर।
मात,पिता जहाँ कैद जेल में
जड़ें सात थे ताले,
वैरी था महिपाल
सजग उसके लाखों रखवाले,
तेरे आते खुल गए ताले,
सो गए नींद में प्रहरी सारे,
अचरज ही अचरज तेरी
दृष्टि होती जिस ओर,
मातम मथुरा जश्न नन्द घर बाजे डमरू ढोल,
बता किस नाम से तुझे पुकारूँ,तूँ देखेगा मेरी ओर।
आज अजन्मा जन्मदिन
तेरा सारे कहते हैं,
हम भी पूजा बालरूप,
माधव घर में करते हैं,
हे केशव,श्रीकृष्ण,मनोहर,
आज सभी हम गाएँ सोहर,
माखन,मिश्री भोग लगा
देखूँ मैं तेरी ओर,
नन्द-यशोदा के कान्हा,तुम गोकुल के चितचोर,
बता किस नाम से तुझे पुकारूँ,तूँ देखेगा मेरी ओर।
तेरे दर्शन को प्यासे
शिव भी गोकुल में आए,
इस पावन भूमि का दर्शन
किस्मत ही दिलवाए,
वृन्दावन,मथुरा हर द्वारे,
अब भी पड़े निशान तुम्हारे,
कमलनाथ हे अजया
दृष्टि तेरी सारी ओर,
कोई कहता वासुदेव तुमको कोई रणछोर,
बता किस नाम से तुझे पुकारूँ,तूँ देखेगा मेरी ओर।
मथुरा से गोकुल,
गोकुल से गए द्वारका श्याम,
दैत्य कई संहार किए,
गाते सब वेद पुराण,
मित्र धर्म क्या खूब निभाए
सिंघासन पर विप्र बिठाए,
अर्जुन के तुम बने सारथी
राजसिंघासन छोड़,
गीता ज्ञान दिए जग,बोलूँ कैसे माखनचोर,
बता किस नाम से तुझे पुकारूँ,तूँ देखेगा मेरी ओर।
!!!मधुसूदन!!!

भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की आप सभी को बहुत बहुत शुभकामनाएँ। प्रभु आपसभी पर कृपा दृष्टि बनाये रखें।🙏🙏
#janmashtami
#krishna

Exit mobile version